मध्य प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी बढ़ी, रतलाम में पारा रिकार्ड 46.5 डिग्री पर पहुंचा
- एक सप्ताह में पारा 6.5 डिग्री का उछाल, रात में भी गर्म हवा व तपिश का दौर, रतलाम में तापमान ने दो वर्ष का रिकोर्ड तोडा
✍ सर्च इंडिया न्यूज, रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम, शाजापुर, खंडवा, उज्जैन, धार, इंदौर सहित कई शहरों में मई मई माह के प्रारंभ से ही गर्मी व हीटवेव का असर बढ़ गया है। वहीं रतलाम में गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। चार दिन से रतलाम मध्य प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में से एक बना हुआ है और 12 मी 2026 को भी रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान (दिन का) रिकार्ड 46.5 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही अधिकतम तापमान ने दो वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया है। इसके पहले 25 मई 2024 को रतलाम में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
रतलाम में करीब एक सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ रहा है और सूरज आग उगल रहा है। तेज धूप व लू का असर लोगों को परेशान किए हुए है। भीषण गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन के साथ रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है और देर रात तक गर्म हवा के साथ तपिश का दौर बना हुआ है। भीषण गर्मी से लोग हाल-बेहाल हो रहे हैं। लोग राहत पाने के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। दोपहर के वक्त शहर की सड़कों पर सन्नाटे की स्थिति बन जाती है। जानकारों का कहना है कि रतलाम में पिछले पचास सालों में पहली बार तापमान 46.5 डिग्री पर पहुंचा है। मालवा के रतलाम शहर में इतनी गर्मी एक-डेढ़ दशक पहले कभी इतना नहीं हुआ करती थी और निमाड़ के बड़वानी, खंडवा, खरगौन जिलों में ज्यादा गर्मी रहा करती थी लेकिन अब रतलाम में रिकार्ड गर्मी हो रही है। वहीं रतलाम से निमाड़ के जिलों में तापमान कम रह रहा है।
दिन में 6.5 और रात में 3.4 डिग्री तापमान का उछाल
रतलाम में 05 मई 2026 के बाद से लगातार दिन व रात के तापमान में इजाफा हो रहा है। 05 मार्च को अधिकतम तापमान (दिन का) 40 डिग्री तो न्यूनतम तापमान (रात का) 24 डिग्री था। वहीं छह मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री और 07 मई को अधिकतम तापमान 41.6 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद भी तापमान में लगातार उछाल आता रहा और 08 मई को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री, 09 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.2, 10 मई को अधिकतम तापमान 45.5 और न्यूनतम तापमान 25.5 तथा 11 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। वहीं 12 मई को अधिकतम तापमान 46.5 और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मिला-जुला रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश में अगले चार-पांच दिन मौसम मिला-जुला रहेगा। ग्वालियर-चबंल और पूर्वी मध्य प्रदेश के इलाकों में आंधी व बारिश की संभवाना है। वहीं रतलाम, मंदसौर, टीकमगढ़ आदि जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मौसम विभाग का कहना है कि धार, रतलाम, उज्जैन, बड़वानी, झाबुआ आदि जिलों में हीटवेव का असर रहेगा और तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अधिक गर्मी का असर रहेगा।
गर्मी से बचाव के लिए ये सावधानी रखें
0 धूप व गर्मी से बचे, दोपहर में जरूरी हो तो ही घरों से बाहर निकले।
0 धूम में जाने के पहले भोजन करें और पर्याप्त पानी ले।
0 खाली पेट धूप में न निकले।
0 धूप से बचाव के लिए चश्मों, कैप, गमछे आदि का इस्तेमाल करें।
0 नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ, कैरी पना, दही आदि का भी उपयोग करें।
0 ताजा व हल्का भोजन करें।
0 बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखे, उन्हें धूप में न निकलने दें।