सेवापूर्ण कर विदा हुईं विद्यार्थियों की चहेती 'नसरीन मैडम, उपहार पाकर खुश हुए लेकिन जुदाई के गम में रोक न पाए अपने आंसू
---------------------------------------------
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम, रतलाम।
न्यू पुलिस लाइन में स्थित प्राथमिक विद्यालय 30 वर्षों तक अपनी निस्वार्थ सेवाएं देने के बाद शिक्षिका नसरीन समद फातिमा शनिवार को सेवानिवृत्त हुईं। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। शिक्षिका नसरीन फातिमा ने विद्यार्थियों को 'डिजिटल स्लेट' उपहार स्वरूप दी। उपहार पाकर बच्चे खुश हो गए लेकिन समारोह में उस समय बेहद भावुक पल देखने को मिले जब शिक्षिका के जाने के गम में छात्र-छात्राओं की आंखें नम हो गईं।
शासकीय सेवा से विदाई के अवसर पर नगर के दिवंगत समाजसेवी व कांग्रेस नेता समद खान की धर्मपत्नी शिक्षिका नसरीन फातिमा ने स्कूल को नए पंखे भेंट किए। साथ ही, वृक्षों को बचाने और कागज के दुरुपयोग को रोकने के संदेश के साथ सभी बच्चों को 'डिजिटल स्लेट' उपहार में दी। उन्होंने बताया कि उनके पति समद खान हमेशा कागज-पेन के अत्यधिक उपयोग के खिलाफ थे, इसलिए लुप्त होती पत्थर की स्लेट की याद ताजा करने और पर्यावरण बचाने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया। इसके अलावा उन्होंने मदरसे और दीनी तंजीमों में भी शिक्षा हेतु आर्थिक सहयोग दिया।
स्कूल की प्राचार्य ममता पुरोहित की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरु श्री माथुर ने की तथा संचालन डीके. जोशी ने किया। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य ममता अग्रवाल, प्रवीण परिहार, प्रीति, श्रीमती जोशी, समस्त शाला व आंगनवाड़ी स्टाफ सहित पुलिस लाइन के निवासियों ने शिक्षिका के कार्यकाल की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षा विभाग ने भी इस उत्कृष्ट कार्य को सराहा। आभार शिक्षिका राधा पाटीदार ने माना।