मदार साहब की दरगाह परिसर में अखिल भारतीय मुशायरा आज रात, कई प्रसिद्ध शायर करेंगे शिरकत
----------------------------------------
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम रतलाम।
शहर के शेरानीपुरा स्थित मदार साहब की दरगाह (मदार साहब का चिल्ला) परिसर में 610 वां उर्स 25 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया है। उर्स में प्रतिदिन कार्यक्रम हो रहे हैं। वहीं अखिल भारतीय मुशायरा 27 अक्टूबर की रात आठ बजे से आयोजित किया गया है। मुशायरा में मशहूर शायर बाराबंकवी भोपाल, सुफियान काजी खंडवा, सुंदर मालेगांवी मालेगांव सहित देश के कई प्रसिद्ध शायर व कवि शिरकत करेंगे।
अखिल भारतीय मुशायरा का आयोजन शहर विधायक और प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं अद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग द्वारा शेख कुरैशी उर्स कमेटी (मदार चिल्ला) के सहयोग से किया जा रहा है। शेख कुरैशी उर्स कमेटी के अध्यक्ष सईद कुरैशी व पूर्व पार्षद मोहम्मद सलीम मेव ने बताया कि मुशायरा में देश के मशहूर शायर डॉ. अंजुम बाराबंकवी (भोपाल), अहमद रईस निजामी (उज्जैन), डॉ. जलीलुर्रेहमान (बुरहानपुर), जियां टांकी (टोंक-राजस्थान), अलताफ ज़िया (मालेगांव-महाराष्ट्र), सुंदर मालेगांवी (मालेगांव), सुफियान काजी (खंडवा), नम्रता श्रीवास्तव (भोपाल), अलीता मुकाती (धार), राजा ज़ेबा (ग्वालियर), आदर्श दुबे (सागर), विनित शुक्ला (इंदौर) और रतलाम के शायर शब्बीर राही, अब्दुल सलाम खोखर, फ़ैज़ रतलामी, सिद्दीक़ रतलामी, दीपाली परमार शामिल होंगे। शेख कुरैशी उर्स कमेटी के अध्यक्ष सईद कुरैशी व पूर्व पार्षद मोहम्मद सलीम मेव ने नागरिकों से ज्यादा से ज्यादा की शिरकत में मुशायरा में शामिल होने की अपील की है।
चादर शरीफ व कव्वाली 29 को
उर्स के तहत 28 अक्टूबर की रात 09 बजे दरगाह परिसर में तकरीर का आयोजन किया गया है। अंतिम दिन 29 अक्टूबर को दोपहर दो बजे गौसिया कमेटी द्वारा दरगाह पर चादर शरीफ पेश की जाएगी। शाम पांच बजे दरगाह कमेटी की तरफ से चादर पेश की जाएगी। इस अवसर पर शाम पांच बजे से शेरानिया अखाड़ा की तरफ से लंगर (भंडारा) का आयोजन भी किय गया है। रात में कव्वाली प्रोग्राम रखा गया है।