आंगन में खेल रही बालिका पर कुत्ते ने किया हमला, बुरी तरह नोचा, बालिका की मौत
------------------------------------------------
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम, रतलाम
रतलाम जिले में कुत्तों ( स्ट्रीट डॉग) ने आंतक मचा रखा है। हर माह 10 से 15 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं और पीछे दौड़ने से बाइक सवार दुर्घटना ग्रस्त हो रहे है। लोगों व मासूम बच्चों पर कुत्तों द्वारा हमला करने के कई मामले हो चुके हैं। शहर की सड़कों पर कुत्तों के झुंड आसानी से घूमते देखे जा सकते हैं, वहीं ग्रामीण अंचलों में भी कुत्ते घूमते रहते हैं। गुरुवार शाम समीपस्थ ग्राम पलसोड़ी में घर के आंगन में खेल रही तीन वर्षीय बालिका पर कुत्ते ने हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच दिया। इससे बालिका की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार तीन वर्षीय मनीषा पिता राजू भाभर निवासी ग्राम पलसोड़ी के पिता व मां मजदूरी करने करीब एक माह से अजमेर गए हुए हैं। बालिका मनीषा घर पर दादा शंभू भाभर व दादी सागूबाई के साथ रह रही थी। दादा-दादी गुरुवार को खेत पर गए हुए थे। मनीषा शाम करीब पांच बजे घर के सामन आंगन में खेल रही थी। आंगन में गाय भी बंधी हुई थी। एक कुत्ता आंगन में पहुंचा और मनीषा पर हमला कर नोचने लगे। वह रोते हुए इधर-उधर भागने का प्रयास करने लगी। कुत्ते ने उसकी पीठ, पसली व शरीर के अन्य कई हिस्सों पर काट लिया। वहीं गाय पर भी कुत्ते ने हमला किया। कुत्ते के हमले से मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे कुत्ते को वहां से भगाकर मनीषा को जिला अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने परीक्षण कर मनीषा को मृत घोषित किया। कुछ समय बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। मनीषा के माता-पिता को फोन से सूचना दी गई है। वे बुधवार सुबह तक रतलाम पहुंचेगे, उसके बाद मनीषा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एक साल पहले हुई थी युवक की मौत
30 वर्षीय शाहरुख हुसैन पिता नासिर हुसैन निवासी अशोक नगर 31 जुलाई 2025 को सुबह पावर हाउसे रोड स्थित सब्जी नीलाम मंडी में हम्माली का काम करने जा रहा था। तभी रास्ते में शयार चबूतरा क्षेत्र में एक कुत्ते ने उसके दाहिने पैर पर काट लिया था, इससे उसके पैर पर घुटने के नीचे बड़ा घाव हो गया था। उसे जिला अस्पताल ले गए थे, वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। मेडिकल कॉलेज से उसे उसी दिन छुट्टी दे दी गई थी। 25 अगस्त 2026 को शाहरुख की तबीयत ज्यादा खराब होने से उसे पुन: जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वहां से 27 अगस्त को उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, परिजन उसे मेडिकल कालेज न ले जाते हुए इलाज के लिए अहमदाबाद (गुजरात) ले गए थे। अहमदाबाद में डॉक्टरों ने शाहरुख की तबीयत गंभीर बताते हुए उसे रतलाम ले जाने के लिए कहा। अहमदाबाद से वापस रतलाम लाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया था।