महू-नीमच हाईवे पर ट्राले ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, मां व एक माह के बेटे की मौत

0 बाइक चालक पति गम्भीर रूप के घायल 0 टक्कर मारने के बाद ट्राला लेकर भागा चालक

महू-नीमच हाईवे पर ट्राले ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, मां व एक माह के बेटे की मौत

✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम, रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से गुजर रहे महू नीमच हाइवे पर नामली नगर के पास स्थित कृषि उपज मंडी के समीप उस समय भीषण सड़क हादसा हो गया, जब  ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।  इससे बाइक पर सवार एक महिला और उसके एक माह के बेटे की मौत हो गई। वहीं हादसे में महिला का  पति गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
     जानकारी के अनुसार मंदसौर जिले के दलोदा के पास स्थित ग्राम लामगरी निवासी 25 वर्षीय अनिल   रतलाम जिले के ग्राम बड़ोदा स्थित अपने ससुराल आया था। एक माह के बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए वह 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11.30  बजे अनिल अपने ससुर की बाइक पर पत्नी 23 वर्षीय सुगनाबाई, चार वर्ष की बेटी अर्चना और एक माह के बेटे हर्षित के साथ  नामली  जा रहा था।  रास्ते मे नामली कृषि मंडी के पास  मंदसौर की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्राले ने पीछे से अनिल की बाइक को टक्कर मार दी। इससे अनिल, उसकी पत्नी व बच्चे बाइक सहित सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुगनाबाई की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और उसका पति अनिल व बेटा हर्षित गम्भीर रूप से घायल हो गए। बेटी अर्चना को मामूली चोट आई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई और उन्होंने घायल अनिल और उसके बच्चों को संभाला तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नामली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों व मृतका सुगनाबाई को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां अनिल के एक माह के बेटे की भी मौत हो गई। अनिल को भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। नामली थाने के एसआई केके पटेल ने बताया कि ट्राले द्वारा बाइक को टक्कर मारने की सूचना मिली थी, दुर्घटना के बाद चालक ट्राला लेकर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है।