किसानों को नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए, विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर को लिखा पत्र
- विधायक ने कहा कृषि कार्यों के दौरान बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज से परेशान किसानों की समस्या का शीघ्र निराकरण करें
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम, रतलाम/सैलाना।
रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को कृषि कार्यों के लिए नियमित, पर्याप्त और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से किसानों को बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
विधायक डोडियार ने पत्र में उल्लेख किया है कि किसान पहले से ही खेती की बढ़ती लागत, खाद-बीज की उपलब्धता और मौसम की अनिश्चितताओं जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति की अनियमितता किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रही है। कृषि कार्यों के लिए बिजली की आवश्यकता होने के बावजूद बार-बार बिजली बंद होने और पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से किसानों को सिंचाई सहित अन्य कृषि कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि किसानों की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाए। साथ ही, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों के लिए नियमित बिजली आपूर्ति, पर्याप्त वोल्टेज और विश्वसनीय विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और खेती-किसानी के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें। किसानों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार होने से किसानों को राहत मिलेगी और कृषि कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
कृषि सिंचाई बिजली बिल माफ किए जाए
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने रतलाम जिले की बाजना तहसील के आदिवासी किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष 2026-27 के कृषि सिंचाई बिजली बिल माफ करने की मांग की है। विधायक ने किसानों की आर्थिक स्थिति और कृषि सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार से राहत प्रदान करने का आग्रह किया है। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पत्र में उल्लेख किया है कि बाजना तहसील के आदिवासी किसान कृषि सिंचाई के लिए विद्युत कनेक्शन का उपयोग करते हैं। इस वर्ष में कम वर्षा होने के कारण क्षेत्र के तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाया है। इसके चलते किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे कृषि उत्पादन प्रभावित हुआ है। एक ओर किसानों को फसल उत्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कृषि सिंचाई के बिजली बिलों का आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
बिजली बिलों का भुगतान करना मुश्किल
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा 16 अक्टूबर 2026 तक बिजली बिलों के भुगतान के लिए राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आगामी मार्च 2027 तक बिल भुगतान के लिए राशि निर्धारित करने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने और कृषि से अपेक्षित आय नहीं मिलने के कारण किसानों के लिए बिजली बिलों का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है। कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बाजना तहसील के प्रभावित आदिवासी किसानों की आर्थिक एवं कृषि संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के कृषि सिंचाई बिजली बिल माफ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की, ताकि विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे किसानों को आर्थिक राहत मिल सके। कृषि सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण पहले से परेशान किसानों पर बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ना चाहिए। सरकार को प्रभावित किसानों की स्थिति पर गंभीरता से विचार कर उन्हें राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।