डोडाचूरा की तस्करी करते चार महिलाएं गिरफ्तार, प्लास्टिक के कट्टों में रखकर ले जा रही थी
0 पिपलिया सिसौदिया के एक व्यक्ति से लिया था डोडाचूरा 0 गुजरात लेकर जाने वाली थी, पूछताछ जारी
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र में आलोट पुलिस ने मादक पदार्थ (डोडाचूरा) की तस्करी करते चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा भरकर ले जा रही थी, उनके कब्जे से 60 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त किया गया है। चारों महिलाएं झाबुआ जिले की रहने वाली है। प्रारंभिक पूछताछ में डोडाचूरा गुजरात ले जाना बताया गया है, पुलिस आरोपी महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार जिले में एसपी अमित कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने व तस्करी करने वालों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट पुलिस को सूचना मिली थी कि चार महिलाएं प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा लेकर ग्राम ग्राम पिपलिया सिसौदिया से खेतों के कच्चे रास्ते से होकर आलोट की तरफ जाने वाली है। रोड से किसी बस में बैठकर आगे जाएंगी। सूचना पर एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल व आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर जाकर घेराबंदी की। कुछ देर बाद आरोपिया 35 वर्षीय रेवा पति भुरा कलारा निवासी ग्राम कालिया वीरन थाना मेघनगर जिला झाबुआ, 38 वर्षीय ललिता पति दिनेश बारिया निवासी ग्राम राखडिया थाना मेघनगर, 40 वर्षीय रमिला पति परसु वसुनिया निवासी सालामहुडा थाना कल्याणपुरा जिला झाबुआ तथा 40 वर्षीय सन्नु पति बाबू निनामा निवासी ग्राम सैलानी मोहल्ला मेघनगर खेतों के कच्चे रास्ते से आती दिखाई दी। चारों को हिरासत में लेकर प्लास्टिक के कट्टे चेक किए गए तो उनमें 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा पाया गया। डोडाचूरा जब्त कर चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरणम दर्ज किया गया है। आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया कि चारों महिलाएं झाबुआ जिले की रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि वे ग्राम पिपलिया सिसौदिया के आरोपी गोपाल मालवीय से डोडाचूरा लेकर आई थी और गुजरात ले जाने वाली थी। आरोपी गोपाल मालवीय की तलाश की जा रही है।