दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पुलिया से नीचे गिरी कार, जीएसटी अधिकारी, पत्नी व दो बच्चे घायल
-----------------------------------------
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा नगर के समीप दिल्ली-मुंबई-एक्सप्रेस-वे पर एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार गुजरात के वापी में पदस्थ जीएसटी के एक अधिकारी, उनकी पत्नी व दो बेटे घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं कार में 50 लाख रुपए से अधिक नकद व जेवर मिले है। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराकर रुपए व जेवर अपने पास सुरक्षित रखे हैं। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है, पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुजरात के वापी में पदस्थ जीएसटी विभाग के अधिकारी 40 वर्षीय प्रवीण मीणा मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले हैं। वे दीपावली पर्व मनाने के लिए गुरुवार को पत्नी 37 वर्षीय संतोष और पुत्र 10 वर्षीय आदित्य व करीब आठ वर्षीय अथर्व के साथ गुजरात से कार में सवार होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर होकर अपने घर गंगानगर जा रहे थे। वे शाम करीब साढ़े चार बजे रतलाम होकर गुजर रहे थे, तभी रतलाम जिले के जावरा के पास नागदी व सादाखेड़ी बायपास के समीप ट्रेचिंग ग्राउंड के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे जाकर पलट गई। इससे प्रवीण मीणा, उनकी पत्नी व दोनों बेटे घायल हो गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर डॉयल 112 का दल, सरसी पुलिस चौकी के प्रभारी मोहम्मद अय्यूब खान दल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के कुछ लोग भी वहां पहुंच गए थे। पुलिस ने घायलों को कार से निकाला और इलाज के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। कुछ समय बाद जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा भी जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचे व घायलों से मिले ।
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया
जावरा के सरकारी अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद जीएसटी अधिकारी प्रवीण मीणा व उनकी पत्नी व बच्चों को मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया। उधर, पुलिस को कार की जांच करने के दौरान कार में लाखों रुपए नकदी व सोने-चांदी के जेवर मिले। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराकर रुपयों व जेवरों को अपनी अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की। एएसपी विवेककुमार लाल ने मीडियाकर्मियों को बताया कि कार से करीब 50 लाख रुपए व जेवर मिले है। जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।