अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थ की तस्करी करते तीन गिरफ्तार, 110 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त
---------------------------------------------
✍️ सर्च इंडिया न्यूज डॉट कॉम रतलाम।
पिपलौदा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थों की तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स व दो बाइक जब्त की गई है। दो आरोपी रतलाम जिले के सैलाना नगर और एक आरोपी ग्राम सुखेड़ा का रहने वाला है। आरोपियों ने यह नहीं बताया कि वे ड्रग्स कहां से लाए थे और कहां ले जा रहे थे। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार एसपी अमित कुमार क निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पिपलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग- अलग प्रकरणों में 110 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जावरा एसडीओपी कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी 26 वर्षीय महेश उर्फ सन्नी पिता राम स्वरूप सिंघानिया निवासी ग्राम सुखेड़ा बाइक पर मादक पदार्थ लेकर जावरा की तरफ से सुखेड़ा जाने वाले है. सूचना पर एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन व पिपलौदा थाना प्रभारी रणजीत सिंगार के नेतृत्व में सुखेड़ा चौकी प्रभारी राजू मखोड़ व एएसआई दीपक दीक्षित की टीम ने 5 व 6 नवंबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम पंचेवा के मगरे क्षेत्र में घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद आरोपी महेश बाइक पर आता दिखाई दिया तो उसे हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके पास 54 ग्राम एमडी ड्रग्स पासा गया। बाइक व ड्रग्स जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
देवगढ़ फंटे से दो आरोपी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 5 व 6 नवंबर 2026 की ही दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर ग्राम आंबा स्थित देवगढ़ फंटे पर एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल व जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में आरोपी 27 वर्षीय मनीष मईडा पिता ओमप्रकाशजी मईडा और 24 वर्षीय कुनाल खराडी पिता बीरसिह खराडी दोनों निवासी एकलव्य कॉलोनी सैलाना थाना सैलाना को बाइक पर मादक पदार्थ ले जाते पकड़ा गया। आरोपियों के पास से 56 ग्राम एमडी ड्रग्स व एक बाइक जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर विवेचना की जा रही है।
तीन वर्ष से फरार 12 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
रतलाम के स्टेशन रोड व बिलपांक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में तीन वर्ष से फरार चल रहे आरोपी 36 वर्षीय दिलशाद उर्फ दिलशाह पिता सिराज उल हक शेख निवासी जहांगीरपुरा जिला सुरत (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में पुलिस थाना स्टेशन रोड पर 18 ग्राम ब्राउन शुगर और बिलपांक थाने में दर्ज 11 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में आरोपी दिलशाद वर्ष 2023 से फरार चल रहा था। उसकी काफी तलाश की गई और दोनों थानों की टीमों उसके घर पर दबिशें दी लेकिन वह नहीं मिला था। दोनों प्रकरणों में उसकी गिरफ्तारी पर एसपी अमित कुमार ने 12 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से 5 नवंबर 2026 को उसके गुजरात के वड़ोदरा शहर में होने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्टेशन रोड व बिलपांक थाने की संयुक्त टीम वड़ोदरा भेजी गई। टीम ने उसकी तलाश कर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और रतलाम लेकर आई। उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। उससे अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के संबंध में पुछताछ की जा रही है । आरोपी दिलशाद की गिरफ्तारी में स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम, बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान, एसआई जितेन्द्रसिंह कनेश, प्रधान आरक्षक हेमंत परमार, आरक्षक मोहन पाटीदार, विनोद मेवाडा की सराहनीय भूमिका रही।