लापता युवक का शव जंगल में मिला, हत्या करने का आरोप, थाने के बाहर शव रखकर की कार्रवाई की मांग
✍ सर्च इंडिया न्यूज, रतलाम/पिपलौदा।
ग्राम अयाना के लापता युवक का शव जंगल में एक स्थान पर मिला। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। परिजन के साथ बड़ी संख्या में लोग पिपलौदा थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच कर आगे कार्रवाई का आश्वासन देने का बाद घेराव समाप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम अयाना निवासी 35 वर्षीय जसवंत सिंह पिता मोहन सिंह शुक्रवार सुबह घर से निकाला था और रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजन खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच जसवंत सिंह का शव अयाना-नवलक्खा मार्ग के बीच जंगल में एक स्थान पर मिला। सूचना मिलने पर पिपलौदा थाने से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल व शव की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए पिपलौदा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। उधर, परिजन व बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। परिजन व ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंचे और शव थाने के बाहर रखकर थाने का घेराव कर कुछ लोगों पर जसवंत सिंह की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान राष्ट्रीय करणी सेना परिवार के प्रमुख करणी सेना जीवनसिंह शेरपुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में करणी सैनिक भी पहुंचे। जावरा के सीएसपी युवराजसिंह चौहान व पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली घेराव कर रहे लोगों के बीच पहुंचे तथा उनसे चर्चा की। परिजनों और करणी सैनिकों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने हत्या की है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही की जाए। यदि तीन दिन में कार्यवाही नहीं हुई तो फिर से घेराव किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है, मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जिन लोगों के साथ मृतक को देखे जाने की बात सामने आई है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जसवंत सिंह का। शव उसके घर ले जाया गया। अंतिम संस्कार रविवार सुबह किया जाएगा।